देवघर: पुलिस ने एक संभावित बड़ी आपराधिक घटना को टालते हुए पांच संदिग्ध अपराधियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस ने उनके कब्जे से एक अवैध देसी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक सफेद रंग की कार बरामद की है. पुलिस की इस कार्रवाई को जिले में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ी सफलता माना जा रहा है.


जानकारी के अनुसार 6 जून की शाम नगर थाना क्षेत्र में गश्ती के दौरान पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध लोग एक वाहन में सवार होकर किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं. सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर एक विशेष टीम का गठन किया गया और तत्काल कार्रवाई शुरू की गई.
पुलिस टीम ने भुरभुरा मोड़ के समीप संदिग्ध वाहन को रोककर उसकी तलाशी ली. जांच के दौरान वाहन से एक अवैध देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया गया. इसके बाद वाहन में सवार पांचों व्यक्तियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया.
इस संबंध में देवघर नगर थाना कांड संख्या 216/2026 दर्ज किया गया है. गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा आर्म्स एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है. जांच के माध्यम से यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उनकी आपराधिक योजना क्या थी और उनके अन्य आपराधिक नेटवर्क या सहयोगियों से कोई संबंध है या नहीं. पुलिस पूरे मामले की हर पहलू से जांच कर रही है.
देवघर पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और असामाजिक गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है तथा कानून-व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.



