देवघर: चितरा- नारगी मोड़ मुख्य मार्ग पर मंझलीबाद के समीप मंगलवार को दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. एमडी एकेडमी की स्कूल वैन और पिकअप वाहन के बीच आमने- सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में स्कूल वैन में सवार कई बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि घायल एक बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई.


बताया जा रहा है कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि वैन में सवार बच्चों के बीच चीख- पुकार मच गई. हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा- तफरी का माहौल बन गया. आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू किया तथा घायल बच्चों को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया. गंभीर रूप से घायल बच्चों को बेहतर इलाज के लिए देवघर रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है.

घटना की सूचना मिलने पर सारठ विधायक चुन्ना सिंह घटनास्थल पर पहुंचे और हादसे के संबंध में जानकारी ली. उन्होंने दुर्घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घायल बच्चों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की. साथ ही बच्चों के बेहतर इलाज के लिए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया.
हादसे की खबर फैलते ही इलाके में शोक का माहौल है. स्थानीय लोगों ने चितरा- नारगी मुख्य मार्ग पर सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है. इसके साथ ही स्कूली वाहनों की नियमित जांच और निगरानी सुनिश्चित करने की मांग उठाई गई है, ताकि इस तरह की दुर्घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

