जामताड़ा/ Manish Baranwal रेलनगरी चित्तरंजन में देर रात एक सनसनीखेज घटना सामने आई है. चित्तरंजन रेल इंजन कारखाना (चिरेका) के कर्मचारी एरिक लकड़ा पर तीन अज्ञात युवकों ने हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया.

जानकारी के अनुसार एरिक लकड़ा स्ट्रीट नंबर 66, क्वार्टर नंबर 51ए के निवासी हैं और चिरेका के मैकेनिकल विभाग के टीएम निरीक्षण सेक्शन में ओएस पद पर कार्यरत हैं. बताया जाता है कि देर रात वे बादोलीगढ़ से अपने क्वार्टर लौट रहे थे. इसी दौरान बाइक सवार तीन अज्ञात युवक उनकी चारपहिया गाड़ी का पीछा करते हुए ओवल ग्राउंड तक पहुंच गए.
ओवल ग्राउंड के समीप पहुंचते ही हमलावरों ने उनकी गाड़ी रोक ली और उन पर अचानक हमला कर दिया. इस हमले में एरिक लकड़ा गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही बेहोश हो गए.
बताया जाता है कि घटना के बाद हमलावर ही उन्हें उनकी गाड़ी से कस्तूरबा गांधी अस्पताल चित्तरंजन ले गए और वहां छोड़कर फरार हो गए. अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए दुर्गापुर रेफर कर दिया. फिलहाल वे दुर्गापुर के एक निजी अस्पताल में जिंदगी और मौत के बीच संघर्ष कर रहे हैं.
इधर मामले को लेकर चित्तरंजन थाना प्रभारी शेख इस्माइल अली ने बताया कि अब तक पीड़ित के परिजनों की ओर से कोई लिखित शिकायत प्राप्त नहीं हुई है. इसके बावजूद पुलिस मामले की जांच कर रही है और हमलावरों की पहचान के प्रयास जारी हैं.

