चतरा: शहर के परिषदन के ठीक सामने और रिहायशी इलाके कॉलेज रोड स्थित चांदनी होटल एवं कावेरी रेस्टोरेंट में कथित देह व्यापार का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है. देह व्यापार की सूचना मिलने के बाद एसपी अनिमेष नैथानी के निर्देश पर पुलिस टीम ने कार्रवाई करते हुए दोनों ठिकानों पर छापेमारी की.


एसडीपीओ सन्नी वर्धन के नेतृत्व में थाना प्रभारी अनिल उरांव और महिला थाना प्रभारी फिरदौस नाज की संयुक्त टीम ने छापेमारी की. पुलिस की कार्रवाई के दौरान मौके से पांच युवतियों और चार युवकों को हिरासत में लिया गया. पुलिस सभी से पूछताछ कर मामले की जानकारी जुटा रही है.
पुलिस की भनक लगते ही संचालक फरार
बताया गया कि पुलिस की छापेमारी की भनक लगते ही होटल संचालक मौके से फरार हो गया. पुलिस उसकी तलाश में जुटी है. छापेमारी के दौरान मौके से शराब की बोतलें और कुछ आपत्तिजनक सामान भी बरामद किए गए हैं. पुलिस ने बरामद सामान को जब्त कर लिया है.
नेटवर्क की जांच में जुटी पुलिस
रिहायशी इलाके में होटल और रेस्टोरेंट की आड़ में कथित रूप से इस तरह की गतिविधियां संचालित होने की जानकारी सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. पुलिस हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों से पूछताछ कर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है.
पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस गतिविधि के पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं और होटल में कथित रूप से यह गतिविधि कब से संचालित हो रही थी. संचालक की भूमिका की भी जांच की जा रही है. पुलिस के अनुसार जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

