चांडिल/ Vikash Thakur आगामी रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराने के लिए प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है. इसी क्रम में चांडिल अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीओ) ने गुरुवार को क्षेत्र का निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया.

एसडीओ ने चांडिल बाजार सहित नीमडीह थाना अंतर्गत झिमरी क्षेत्र का दौरा किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था, साफ- सफाई, यातायात प्रबंधन और शोभायात्रा मार्गों की स्थिति का बारीकी से अवलोकन किया.
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा- निर्देश देते हुए स्पष्ट कहा कि पर्व के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था बर्दाश्त नहीं की जाएगी. संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और सीसीटीवी के माध्यम से सतत निगरानी सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया.
प्रशासन ने आम लोगों से अपील की है कि वे रामनवमी पर्व को आपसी भाईचारे और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं तथा कानून- व्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें. रामनवमी को लेकर क्षेत्र में तैयारियां तेज हो गई हैं और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद दिख रहा है.

