चांडिल/ Vikash Thakur मध्य विद्यालय भुइयांडीह में गणित शिक्षक शंभु कुमार सिंह के सम्मान में विदाई समारोह का आयोजन किया गया, जहां उन्हें भावभीनी विदाई दी गई. शंभु कुमार सिंह वर्ष 1994 से शिक्षण कार्य से जुड़े रहे और कपाली में सेवा देने के बाद वर्ष 2018 से मध्य विद्यालय भुइयांडीह में कार्यरत थे. उनके लंबे और समर्पित शिक्षण जीवन को याद करते हुए उपस्थित लोगों ने उनके योगदान की सराहना की.

कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने उनके सरल स्वभाव, अनुशासन और छात्रों के प्रति समर्पण को प्रेरणादायक बताया. इस अवसर पर जिला परिषद सदस्य ओम प्रकाश लायक, स्कूल अध्यक्ष बहादुर लायक, रितेश, प्रिंसिपल अनिता झा, शिक्षक आशीष मंडल, देव नारायण गुप्ता, प्रकाश प्रामाणिक, राजू कालिंदी, शिव शंकर लायक सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे.

समारोह में कक्षा 8 के छात्रों के लिए भी फेयरवेल का आयोजन किया गया. छात्रों को उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी गईं और उनके नए जीवन चरण की शुरुआत का उत्साहपूर्वक स्वागत किया गया.
कार्यक्रम का माहौल भावुक और उत्साहपूर्ण रहा, जहां एक ओर एक समर्पित शिक्षक को विदाई दी गई, वहीं दूसरी ओर बच्चों के नए सफर की शुरुआत का जश्न मनाया गया.

