चांडिल/ Bikash Thakur अनुमंडल क्षेत्र के चिलगु पुनर्वास कॉलोनी स्थित दुर्गा मंदिर प्रांगण (हाटटोला) में शुक्रवार को भव्य कलश यात्रा के साथ सप्ताहव्यापी श्रीमद् भागवत कथा महायज्ञ का शुभारंभ हुआ.

सुबह विधि- विधान के साथ कलश यात्रा निकाली गई. यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं और श्रद्धालुओं ने भाग लिया. श्रद्धालु पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भक्ति गीतों के साथ नगर भ्रमण करते हुए मंदिर प्रांगण पहुंचे. पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना रहा.
आयोजन समिति के सदस्यों ने बताया कि 21 फरवरी से 27 फरवरी 2026 तक प्रतिदिन सुबह श्लोक पाठ और संध्या समय संगीतमय श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाएगा. कथा वाचक श्रीधाम नवद्वीप (नदिया) के प्रसिद्ध कथावाचक श्रीमद् गिरिधारी शास्त्री जी महाराज श्रद्धालुओं को कथा अमृत का रसपान करा रहे हैं.
कथा के प्रथम दिन भगवान की महिमा और श्रीमद् भागवत कथा के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला गया. आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह देखा जा रहा है. समिति की ओर से श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर कथा श्रवण कर धर्म लाभ लेने की अपील की गई है.

