चांडिल/ Vikash Thakur प्रखंड अंतर्गत मां दुर्गा स्टेडियम, पातकुम में रविवार को PMPPL-9 पप्पू मेमोरियल पातकुम प्रीमियम लीग का भव्य शुभारंभ किया गया. प्रतियोगिता का उद्घाटन समाजसेवी खगेन महतो, ग्राम मुखिया राखोहरी सिंह मुंडा और कमल क्लब ईचागढ़ के अध्यक्ष संजय मंडल ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया.

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि समाजसेवी खगेन महतो ने सर्वप्रथम दिवंगत पप्पू सिंह मुंडा के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किया. इसके बाद उन्होंने मैदान में उतरने वाले खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर उनका उत्साहवर्धन किया और बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं.
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए खगेन महतो ने कहा कि खेल युवाओं को नशे से दूर रखकर सही दिशा देता है. खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं होता, बल्कि यह अनुशासन, आत्मविश्वास और संघर्ष का पाठ भी पढ़ाता है. उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में इस तरह के खेल आयोजनों से युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने का बेहतर मंच मिलता है, जो आगे चलकर बड़ी पहचान दिलाने में सहायक होता है.
उन्होंने खिलाड़ियों को मेहनत और लगन के साथ खेलने की सलाह देते हुए कहा कि ईमानदार प्रयास से ही मंजिल हासिल होती है. आज कई खिलाड़ी छोटे गांवों से निकलकर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का नाम रोशन कर रहे हैं, जो वर्तमान युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं.
इस अवसर पर शसोधर महतो, सष्ठी सिंह मुंडा सहित क्षेत्र के कई गणमान्य लोग और सैकड़ों खेल प्रेमी मौजूद रहे. आयोजन को सफल बनाने में कमल क्लब ईचागढ़ और स्थानीय युवाओं की अहम भूमिका रही. उद्घाटन मुकाबले को लेकर दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला और पूरा स्टेडियम तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा.

