चांडिल: सरायकेला- खरसावां जिले के चांडिल अनुमंडल अंतर्गत चांडिल- मानिकुई मार्ग के निर्माण को लेकर बुधवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. यह बैठक विधायक सविता महतो के निर्देश और उपायुक्त के आदेश पर प्रखंड कार्यालय परिसर में हुई.

बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी विकास कुमार राय, प्रखंड विकास पदाधिकारी तालेश्वर रविदास, अंचल अधिकारी प्रदीप महतो सहित पथ निर्माण विभाग के अधिकारी और संवेदक मौजूद रहे. बैठक में निर्णय लिया गया कि शुक्रवार से सड़क निर्माण कार्य के तहत गड्ढों की भराई शुरू की जाएगी. इसके साथ ही गुरुवार से सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव किया जाएगा, ताकि राहगीरों को धूल और असुविधा से राहत मिल सके.
वहीं पातकुम- डूमटांड़ मार्ग पर पाटपुर और किस्टोपुर के बीच जमीन विवाद के कारण पिछले तीन महीनों से रुका निर्माण कार्य भी फिर से शुरू कर दिया गया है. अनुमंडल अधिकारी की मौजूदगी में भू-अर्जन और जमीन की नापी कराकर निर्माण कार्य को पुनः प्रारंभ कराया गया.
बताया जा रहा है कि इन दोनों सड़कों के निर्माण को लेकर विधायक लगातार प्रयासरत थीं. अब कार्य शुरू होने से क्षेत्र के लोगों को जल्द बेहतर सड़क सुविधा मिलने की उम्मीद जगी है. विधायक सविता महतो क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों को समय पर पूरा कराने को लेकर सक्रिय हैं और लगातार संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर जरूरी दिशा- निर्देश देती रहती हैं.

