चांडिल: दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर चांडिल अनुमंडल कार्यालय में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी ने की. इसमें चांडिल अनुमंडल के चारों प्रखंडों से दुर्गा पूजा समितियों एवं पूजा पंडालों के प्रतिनिधियों के साथ-साथ विभिन्न थाना क्षेत्रों के थाना प्रभारी एवं पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे.


बैठक में दुर्गा पूजा के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने, पूजा आयोजनों को शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने तथा किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोकने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए. पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से प्रशासन द्वारा निर्धारित नियमों का पालन करने तथा आपसी भाईचारा एवं सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की गई.
अधिकारियों ने कहा कि पूजा के दौरान भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाएगी. संवेदनशील क्षेत्रों में पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार निगरानी रखी जाएगी. बैठक में पूजा पंडालों की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण और श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई.
प्रशासन एवं पुलिस अधिकारियों ने पूजा समितियों के प्रतिनिधियों से अपील की कि किसी भी प्रकार की समस्या, विवाद या अप्रिय स्थिति उत्पन्न होने पर तत्काल पुलिस एवं प्रशासन को इसकी सूचना दें. साथ ही सभी लोगों से मिल-जुलकर दुर्गा पूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सहयोग करने का आग्रह किया गया.
रिपोर्ट: विकास ठाकुर

