चांडिल: आगामी दुर्गापूजा को लेकर पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था के मद्देनजर असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है. सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर बुधवार देर शाम हेडक्वार्टर डीएसपी के निर्देशन में चांडिल थाना पुलिस ने क्षेत्र के विभिन्न स्थानों पर अड्डेबाजी के खिलाफ विशेष छापेमारी अभियान चलाया.


अभियान में चांडिल थाना प्रभारी के साथ अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल रहे. पुलिस टीम ने प्रमुख एवं संदिग्ध स्थानों की जांच करने के साथ सरकारी शराब दुकानों के आसपास सार्वजनिक रूप से शराब का सेवन करने वालों के खिलाफ भी अभियान चलाया.

शराब दुकान संचालकों को पुलिस की हिदायत
पुलिस ने सरकारी शराब दुकानों के संचालकों एवं कर्मचारियों को स्पष्ट हिदायत दी कि दुकान के आसपास किसी व्यक्ति को शराब का सेवन नहीं करने दिया जाए. ऐसी स्थिति सामने आने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने को कहा गया है.

छापेमारी के दौरान पुलिस ने बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलें बरामद कर जब्त की हैं. दोनों वाहनों को चांडिल थाना लाया गया है. पुलिस उनके स्वामित्व एवं दस्तावेजों का सत्यापन कर रही है. सत्यापन के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी.

पुलिस ने स्पष्ट किया है कि दुर्गापूजा के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए अड्डेबाजी, सार्वजनिक स्थानों पर शराब सेवन और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.

