चाईबासा: सोनुआ प्रखंड कार्यालय परिसर में किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) शिविर का आयोजन किया गया. शिविर में उपस्थित किसानों को केसीसी योजना की विस्तृत जानकारी दी गई. साथ ही कृषि ऋण से संबंधित समस्याओं का ऑन-द-स्पॉट समाधान भी किया गया.

कार्यक्रम के दौरान कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को संतुलित उर्वरक उपयोग के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी. किसानों को मृदा स्वास्थ्य कार्ड (Soil Health Card) के अनुसार खादों के संतुलित एवं वैज्ञानिक उपयोग के लिए जागरूक किया गया. विशेषज्ञों ने कहा कि वैज्ञानिक पद्धति से उर्वरकों का उपयोग करने से मिट्टी की उर्वरता बनी रहती है और फसल उत्पादन में भी वृद्धि होती है.
शिविर में क्षेत्र में संभावित सुखाड़ की स्थिति से निपटने के उपायों पर भी चर्चा की गई. किसानों को सरकार द्वारा संचालित विभिन्न सहायता योजनाओं की जानकारी देते हुए उनका लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया.
इस अवसर पर एलडीएम विष्णु कुमार, विभिन्न बैंकों के शाखा प्रबंधक, प्रखंड कृषि पदाधिकारी (BAO), बीटीएम लखिंदर हेम्ब्रम, एटीएम सुश्री श्वेता एवं सौरव कुमार, किसान मित्र सहित बड़ी संख्या में स्थानीय किसान उपस्थित थे. किसानों ने शिविर को उपयोगी एवं जानकारीपूर्ण बताया.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक



