चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के गोईलकेरा प्रखंड अंतर्गत कुईडा पंचायत के बुरुदुईया गांव में बुधवार को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं को लेकर विशेष शिविर का आयोजन किया गया. कर्रा सोसाइटी फॉर रूरल एक्शन द्वारा आयोजित इस शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया और विभिन्न सरकारी योजनाओं से संबंधित जानकारी प्राप्त की.

शिविर के सफल आयोजन में प्रखंड प्रमुख निरुमानी कोड़ाह का विशेष सहयोग रहा. वहीं प्रमुख प्रतिनिधि बाबूलाल कोड़ाह ने सक्रिय भूमिका निभाते हुए ग्रामीणों को योजनाओं से जोड़ने में सहयोग किया. इस अवसर पर आजसू पार्टी के पूर्व प्रत्याशी सह कुईडा पंचायत मुखिया डॉ. दिनेश चंद्र बोईपाई और ग्राम मुंडा साधुचरण कोड़ाह भी मौजूद रहे.
शिविर के दौरान संस्था के कर्मियों और प्रतिनिधियों द्वारा ग्रामीणों को पेंशन योजनाओं, बीमा योजनाओं सहित अन्य सामाजिक सुरक्षा कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी गई. पात्र लाभुकों के नए आवेदन भरे गए. आवश्यक दस्तावेजों का मौके पर ही सत्यापन किया गया. साथ ही योजनाओं के चयन में आने वाली तकनीकी समस्याओं का समाधान भी किया गया.
कार्यक्रम के समापन पर संस्था की ओर से गणेश चंद्र पान ने सभी अतिथियों और ग्रामीणों के प्रति आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य दूर-दराज के क्षेत्रों में रहने वाले जरूरतमंद लोगों तक सरकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाना है, ताकि कोई भी पात्र व्यक्ति लाभ से वंचित न रह जाए. ग्रामीणों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी इस तरह के शिविर आयोजित करने की मांग की, ताकि पंचायत के हर पात्र व्यक्ति को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ मिल सके.

