चाईबासा: चाईबासा-गोइलकेरा मुख्य मार्ग पर अमराई पालूहंसा के समीप रविवार को बाइक और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत में एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए. हादसे में तीन लोगों की स्थिति गंभीर बताई गई, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर किया गया.


घायलों में नरसंडा निवासी देवानंद बोयपाई (39), चंद्रमोहन सोय (30), काशीजोड़ा निवासी गंगाराम मरला (25) तथा झीलरूंवा निवासी वामाचरण तामड़िया (30) और दानमति पूर्ति (28) शामिल हैं.
हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीणों और आजसू युवा समाजसेवी निरंजन बोयपाई की मदद से सभी घायलों को सोनुआ अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका प्राथमिक उपचार किया गया. गंभीर स्थिति को देखते हुए चंद्रमोहन सोय, देवानंद बोयपाई और वामाचरण तामड़िया को बेहतर इलाज के लिए चाईबासा सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
फुटबॉल मैच देखकर लौट रहे थे युवक
मिली जानकारी के अनुसार, तीन युवक फुटबॉल मैच देखकर एक बाइक पर सवार होकर अपने घर नरसंडा लौट रहे थे. इसी दौरान विपरीत दिशा से एक स्कूटी पर सवार पति-पत्नी झीलरूंवा की ओर जा रहे थे. अमराई पालूहंसा के समीप दोनों वाहनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें पांचों लोग घायल हो गए.
108 एंबुलेंस सेवा पर ग्रामीणों ने उठाए सवाल
हादसे के बाद ग्रामीणों ने सरकारी 108 एंबुलेंस सेवा को लेकर नाराजगी जताई. ग्रामीणों का आरोप है कि आपात स्थिति में 108 नंबर पर कॉल करने के बावजूद संपर्क नहीं हो पाया. उनका कहना है कि एक ओर सोनुआ अस्पताल परिसर में एंबुलेंस खड़ी है, वहीं दूसरी ओर सड़क हादसे में घायल जरूरतमंद लोगों को समय पर एंबुलेंस सेवा का लाभ नहीं मिल पा रहा है. ग्रामीणों ने आपातकालीन एंबुलेंस सेवा को सुचारू और तत्पर बनाने की मांग की है.
घायलों को अस्पताल पहुंचाने और मदद करने में अनिल कुमार गोप, राजेश बानरा, गंगाराम बोयपाई, चोकरो बोयपाई और सनातन गोप समेत अन्य ग्रामीणों की भूमिका रही.
रिपोर्ट: जयंत प्रमाणिक

