चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के मनोहरपुर प्रखंड के छोटानागरा थाना क्षेत्र अंतर्गत तेतलीघाट गांव के पास बुधवार शाम करीब 7 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया.

मृतकों की पहचान लुकून चांपिया (19) और मानकी लागूरी (20) के रूप में हुई है. वहीं घायल युवक रोया पूर्ति (22) की हालत गंभीर बताई जा रही है. तीनों युवक टोंटोगढ़ा गांव के निवासी थे.
जानकारी के अनुसार तीनों युवक मनोहरपुर से एक ही बाइक पर सवार होकर अपने घर लौट रहे थे. इसी दौरान तेज रफ्तार के कारण बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि तीनों युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी को इलाज के लिए मनोहरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने लुकून चांपिया और मानकी लागूरी को मृत घोषित कर दिया.
गंभीर रूप से घायल रोया पूर्ति को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया गया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है.

