चाईबासा/ Jyotish Mahali पश्चिम सिंहभूम जिले के जराईकेला थाना क्षेत्र अंतर्गत तिरिलपोसी गांव में उड़ीसा के बालेश्वर जिले का रहने वाला एक युवक भटकते हुए पहुंच गया. युवक की पहचान श्याम सुंदर बेहरा उर्फ अज्जू बेहरा के रूप में हुई है.

ग्रामीणों ने युवक को गांव में इधर- उधर घूमते देखा, जिसके बाद उसे सुरक्षित रखते हुए सीआरपीएफ कैंप को सूचना दी गई. कैंप में तैनात उड़ीसा के जवानों ने उड़िया भाषा में युवक से बातचीत कर उसके घर-परिवार की जानकारी लेने का प्रयास किया. प्राथमिक जानकारी मिलने के बाद मामले की सूचना जराईकेला थाना को दी गई.
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी अमित कुमार पासवान ने तत्परता दिखाते हुए उड़ीसा के बालेश्वर जिले के संबंधित थाना से संपर्क स्थापित किया और युवक के परिजनों को सूचना दी. इसके बाद युवक के मामा जराईकेला पहुंचे और श्याम सुंदर उर्फ अज्जू बेहरा को अपने साथ घर ले गए.
थाना प्रभारी ने परिजनों को युवक के स्वास्थ्य पर विशेष ध्यान देने और आवश्यक इलाज कराने की सलाह दी, ताकि भविष्य में इस तरह की स्थिति दोबारा उत्पन्न न हो. उन्होंने आश्वासन दिया कि युवक को सुरक्षित रूप से टिकट की व्यवस्था कर घर भेजा जाएगा.
पुलिस और सीआरपीएफ की सक्रियता के कारण युवक सुरक्षित अपने परिवार से मिल सका. परिजनों ने पुलिस और सुरक्षाबलों के प्रति आभार जताया.

