चाईबासा: कोल्हान नितिर तुरंग (KNT) चाईबासा केंद्र में मंगलवार को एक भव्य एवं सेवापूर्ण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. ऑल इंडिया हो बैंकर्स वेलफेयर सोसाइटी और KNT के संयुक्त तत्वावधान में भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर एक दिवसीय रक्तदान शिविर और बैंकिंग जागरूकता कार्यशाला का सफल आयोजन हुआ.

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथियों एवं आयोजकों द्वारा डॉ. बीआर अम्बेडकर और बिरसा मुंडा की तस्वीरों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ की गई. रक्तदान शिविर में युवाओं और बैंक कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया, जहां कुल 21 यूनिट रक्त संग्रहित किया गया. KNT के पदाधिकारियों, छात्र- छात्राओं और स्थानीय लोगों ने बढ़- चढ़कर इस सामाजिक कार्य में हिस्सा लिया.

इस अवसर पर आयोजित जागरूकता सत्र में बैंकिंग और वित्तीय साक्षरता पर विशेष चर्चा की गई. हो बैंकर्स सोसाइटी और स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बचत, आर्थिक योजना और वित्तीय प्रबंधन के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी. साथ ही स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने भी महत्वपूर्ण विषयों पर अपने विचार साझा किए.

कार्यक्रम के दौरान KNT को संविधान की प्रतियां एवं प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें भेंट की गईं. वहीं सामान्य ज्ञान प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले टॉप 10 छात्र-छात्राओं को सम्मानित किया गया. इस आयोजन में KNT के संरक्षक माझी राम जामुदा, उपाध्यक्ष विश्वजीत दोराईबुरु, वरिष्ठ सलाहकार संतोष बनरा सहित कई पदाधिकारी, ऑल इंडिया हो बैंकर्स वेलफेयर सोसाइटी के अध्यक्ष रघुनाथ बोदरा, सचिव सुरेश कोड़ा एवं अन्य सदस्य उपस्थित रहे. स्वास्थ्य विभाग की ओर से सिविल सर्जन, डिप्टी CMO डॉ. शिव चरण हांसदा और उनकी टीम भी मौजूद रही. यह कार्यक्रम सामाजिक एकजुटता, स्वास्थ्य जागरूकता और शिक्षा के प्रति समर्पण का एक प्रेरणादायक उदाहरण बना.

