चाईबासा: लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण सोनुआ प्रखंड के बालजोड़ी पंचायत अंतर्गत नुवागांव में दो ग्रामीण परिवारों पर आफत टूट पड़ी. रविवार रात तेज बारिश के दौरान बबलू कालिंदी और बसंत कालिंदी के कच्चे मकान ढह गए. हादसे के समय दोनों परिवारों के सदस्य घर के अंदर सो रहे थे. घर का छप्पर और दीवारें धीरे-धीरे गिरने लगीं, जिसके बाद परिवार के लोगों ने किसी तरह बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.


मकान ढहने के कारण घर में रखा अनाज और अन्य घरेलू सामान मलबे में दबकर क्षतिग्रस्त हो गया. घटना के बाद दोनों परिवारों के सामने सिर छिपाने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है. पड़ोसियों ने पीड़ित परिवारों की मदद करते हुए उन्हें तत्काल सहारा दिया.

लगातार बारिश के कारण कच्चे मकानों के गिरने का खतरा बना हुआ है. पीड़ित परिवारों ने प्रशासन से क्षतिग्रस्त मकान का जायजा लेकर उचित मुआवजा और रहने की व्यवस्था कराने की गुहार लगाई है.
रिपोर्ट. जयंत प्रमाणिक

