चाईबासा/ Jayant Pramanik जिले के सोनुआ प्रखण्ड के लोजों पंचायत के नीलाईगोट गांव में सोमवार को प्रखंड विकास पदाधिकारी सोमनाथ उरांव ने फसल खेती का निरीक्षण किया. इस दौरान प्रदान संस्था के सहयोग से 10 एकड़ भूमि पर किए जा रहे फसल उत्पादन का जायजा लिया गया.

क्षेत्र में मटर, सेम (बीन्स), बैंगन और मचान आधारित सब्ज़ी खेती स्थानीय किसानों द्वारा की जा रही है. निरीक्षण के दौरान बीडीओ ने किसानों को उन्नत खेती तकनीकों की जानकारी दी. उन्होंने खेत में जाकर पौधों की लाइन बनाने, सही समय पर मिट्टी चढ़ाने और कुल्हाड़ी चलाने की प्रक्रिया भी कार्यदक्षता से प्रदर्शित की. किसानों ने बताया कि यह भूमि पहले बंजर थी और कई वर्षों से उपयोग में नहीं थी.
प्रदान संस्था के सहयोग से इस क्षेत्र में ट्रेंच, लूज़ बोल्डर स्ट्रक्चर और तालाबों का निर्माण किया गया, जिससे वर्षा जल का संचयन और भू-जल स्तर में वृद्धि हुई. आज इस भूमि पर पर्याप्त सिंचाई सुविधा उपलब्ध है और किसान नियमित रूप से खेती कर बेहतर उत्पादन प्राप्त कर रहे हैं, जिससे उनकी आय में भी वृद्धि हुई है.
इसके बाद बीडीओ ने भालूरोंगी पंचायत के रेंगलबेरा गांव का निरीक्षण किया, जहाँ पिछले वर्ष प्रदान संस्था के सहयोग से 30 किसानों हेतु सोलर सिंचाई यंत्र स्थापित किए गए थे. सोलर सिंचाई प्रणाली के माध्यम से कई किसान वर्ष भर सब्जी उत्पादन कर अपनी आमदनी बढ़ा रहे हैं. निरीक्षण कार्यक्रम में प्रदान संस्था की टीम, पंचायत प्रतिनिधि, स्थानीय मुखिया, किसान और ग्रामीण बड़ी संख्या में उपस्थित थे.


भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
