जमशेदपुर: खालसा मध्य- उच्च विद्यालय बर्मामाइंस में बुधवार को गुरु तेग बहादुर जी के 350वें शहादत दिवस का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य गुरु जी के साहस, त्याग, निर्भयता तथा हिंदू धार्मिक आस्था- जनेऊ और तिलक- की रक्षा हेतु दिए गए सर्वोच्च बलिदान से बच्चों और समाज को अवगत कराना था.

समारोह में सेंट्रल गुरुद्वारा प्रबंधन कमेटी के प्रधान भगवान सिंह, शैलेंद्र सिंह एवं उनकी टीम, नौजवान सभा के प्रधान अमरीक सिंह, जमशेदपुर अकाली दल के पदाधिकारी, बर्मामाइंस गुरुद्वारा कमेटी के सदस्य, स्त्री सत्संग सभा की सदस्याएं, समिति अध्यक्ष सविंदर सिंह, सरदार हरभजन सिंह सहित विद्यालय प्रबंधन समिति के सम्मानित सदस्य उपस्थित रहे.
समारोह का शुभारंभ विद्यालय सचिव सरदार सुखपाल सिंह ने किया. मंच संचालन विद्यालय की अध्यापिका श्रीमती रीना द्वारा किया गया. कार्यक्रम के दौरान विद्यालय में आयोजित चित्रांकन, निबंध, प्रश्नोत्तरी एवं भाषण प्रतियोगिताओं के विजेता छात्र-छात्राओं को मुख्य अतिथि सहित उपस्थित सभी सम्मानित अतिथियों द्वारा प्रमाण पत्र एवं मोमेंटो प्रदान कर प्रोत्साहित किया गया.
इस अवसर पर कक्षा 7 के प्रिंस कुमार ने गुरु तेग बहादुर जी की जीवनी, कक्षा 10 की सुहाना कुमारी ने हिंद की चादर विषय पर संबोधन और कक्षा 9 के हिमांशु साहू ने गुरु तेग बहादुर जी की शहादत पर भाषण प्रस्तुत किया. बच्चों द्वारा गुरु जी के जीवन पर आधारित मॉडल भी तैयार किए गए, जिन्हें देखकर अतिथिगण ने उनकी सराहना की.
समारोह के अंत में विद्यालय के सह- सचिव सतबीर सिंह सोमू ने सभी अतिथियों, शिक्षकों और कार्यक्रम को सफल बनाने में शामिल बच्चों को धन्यवाद ज्ञापित किया.

