बोकारो: सिटी थाना क्षेत्र के सेक्टर-12 मोड़ स्थित एक शराब दुकान में बीती रात चोरी की घटना सामने आई है. चोरों ने दुकान में घुसकर सीसीटीवी कैमरा तोड़ दिया और नकदी समेत शराब की पेटियां लेकर फरार हो गए.


जानकारी के अनुसार, घटना उस समय हुई जब क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग समाप्त हो चुकी थी. चोरों ने पहले दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे को क्षतिग्रस्त किया ताकि उनकी पहचान न हो सके. इसके बाद दुकान के गल्ले में रखे करीब 50 से 60 हजार रुपये नकद पर हाथ साफ कर दिया.
दुकानदार ने बताया कि नकदी के अलावा शराब की भी चोरी हुई है. हालांकि अभी स्टॉक का मिलान किया जा रहा है. स्टॉक सत्यापन पूरा होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि कितनी पेटी शराब चोरी हुई है और कुल नुकसान कितना हुआ है.
घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा इलाके में लगे अन्य सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है.
इस घटना के बाद क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं. फिलहाल पुलिस चोरों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



