बोकारो: जिला के बेरमो प्रखंड अंतर्गत पांच नंबर धौड़ा क्षेत्र में एक महिला की मौत के बाद शनिवार को भारी हंगामा और विरोध प्रदर्शन देखने को मिला. आक्रोशित परिजनों और स्थानीय लोगों ने मृतका अनीता देवी उर्फ अनु के शव को फुसरो- डुमरी मुख्य मार्ग स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय चौक के समीप सड़क पर रखकर जाम कर दिया. प्रदर्शनकारी दोषियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे.

घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए. प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि अवैध कोयला कारोबार से जुड़े लोगों द्वारा कथित रूप से की गई पिटाई के कारण महिला की मौत हुई है. लोगों का कहना था कि जब तक आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
मामले की गंभीरता को देखते हुए देर शाम तक पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर मौजूद रहे. अधिकारियों ने परिजनों और प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया तथा मामले की जांच का भरोसा दिया. हालांकि प्रदर्शनकारी दोषियों के खिलाफ त्वरित कार्रवाई की मांग पर अड़े रहे.
घटनास्थल पर धनबाद सांसद ढुल्लु महतो भी पहुंचे और मृतका के परिजनों से मुलाकात कर घटना की जानकारी ली. उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की. सांसद ने कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए और घटना की सच्चाई सामने आनी चाहिए.
इसी दौरान डुमरी विधायक जयराम महतो भी मौके पर पहुंचे. उन्होंने कथित अवैध कोयला कारोबार को लेकर नाराजगी जताई और मृतका के परिजनों को न्याय दिलाने की मांग की. विधायक ने कहा कि यदि किसी की लापरवाही या आपराधिक कृत्य के कारण महिला की जान गई है तो जिम्मेदार लोगों पर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए.
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है. प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी. वहीं क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा



