बोकारो: झारखंड सरकार के राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन स्वास्थ्य चिकित्सा शिक्षा एवं परिवार कल्याण विभाग के अभियान निदेशक शशि प्रकाश झा शनिवार को बोकारो सदर अस्पताल के निरीक्षण पर पहुंचे. निरीक्षण के दौरान अस्पताल में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाएं मिलने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने सिविल सर्जन को फटकार लगाते हुए स्पष्ट कहा कि इतनी लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

निरीक्षण में जीवन रक्षक दवाओं को रखने वाला रेफ्रिजरेटर भी खराब पाया गया. इसके साथ ही अन्य संसाधनों के रखरखाव में भी गंभीर खामियां सामने आईं. अभियान निदेशक ने सिविल सर्जन की जमकर क्लास लगाते हुए कहा कि सरकार का पैसा बड़ी मेहनत से आता है, और उसका इस तरह दवाओं के रूप में बर्बाद होना अस्वीकार्य है. उन्होंने निर्देश दिया कि जिम्मेदारी तय की जाए और दोषियों पर कार्रवाई हो.

अस्पताल भवन से हो रहे सीपेज को लेकर भी उन्होंने चिंता जताई और दुरुस्ती का आदेश दिया. साथ ही कहा कि संसाधन उपलब्ध रहने के बावजूद उनका उपयोग न होना गंभीर विषय है. इमरजेंसी के दौरान डॉक्टर की अनुपलब्धता की शिकायतों पर उन्होंने कहा कि इसके लिए शिकायत केंद्र मौजूद है, और प्राप्त शिकायतों पर निश्चित रूप से कार्रवाई होगी.


