बोकारो: एक मां अपने बेटे की लंबी उम्र और सुख-समृद्धि की कामना के लिए जितिया का 24 घंटे का निर्जला व्रत रखती रही, लेकिन जिस दिन उसे व्रत का पारण करना था, उसी दिन उसके 17 वर्षीय बेटे की मौत हो गई. चास थाना क्षेत्र के तेलीडीह स्थित देव मार्केट के पास हुई इस हृदयविदारक घटना से परिवार में मातम पसर गया.


मृतक की पहचान शिवांश उर्फ राहुल कुमार के रूप में हुई है. वह दसवीं कक्षा की पढ़ाई कर रहा था और वर्ष 2027 में मैट्रिक की परीक्षा देने वाला था. रविवार अहले सुबह वह चौथी मंजिल से नीचे गिर गया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
10 वर्षों से बोकारो में रह रहा था परिवार
शिवांश का परिवार मूल रूप से पश्चिम बंगाल के श्रीरामपुर का रहने वाला है. परिजन पिछले करीब 10 वर्षों से बोकारो में रह रहे हैं. पिछले ढाई वर्षों से शिवांश अपनी मां के साथ चास के तेलीडीह स्थित देव मार्केट के पास किराए के मकान की चौथी मंजिल पर रहता था. उसके पिता युधिष्ठिर महतो मजदूरी के सिलसिले में हैदराबाद में रहते हैं.
मां से घूमने की बात कहकर निकला था
परिजनों के मुताबिक, रविवार अहले सुबह शिवांश सोकर उठा और अपनी मां से घूमने जाने की बात कही. इसके बाद वह घर से निकल गया और उसकी मां दोबारा सो गई. कुछ देर बाद परिवार को सूचना मिली कि शिवांश चौथी मंजिल से नीचे गिर गया है.
मृतक के मौसा प्रबल कुमार ने बताया कि उनकी पत्नी ने फोन कर राहुल के छत से गिरने की जानकारी दी थी. उन्हें पहले लगा कि राहुल घायल हुआ होगा और अस्पताल में भर्ती कराया गया होगा. लेकिन मौके पर पहुंचने के बाद मकान मालिक ने उसकी मौत की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि शिवांश शांत स्वभाव का था और किसी से उसका कोई विवाद नहीं था.
सुबह साढ़े पांच बजे सुनी जोरदार आवाज
पड़ोसी राजेश के मुताबिक, रविवार सुबह करीब साढ़े पांच बजे जोरदार आवाज सुनाई दी. आवाज सुनकर वह अपनी पत्नी के साथ बाहर निकले. घर का गेट खोलने पर एक युवक लहूलुहान हालत में जमीन पर पड़ा मिला. इसके बाद मकान मालिक और पुलिस को सूचना दी गई.
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की जानकारी मिलते ही चास थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर
पोस्टमार्टम के लिए चास
अनुमंडलीय अस्पताल भेज दिया.
एसएसपी वेदांत शंकर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और पुलिस सभी बिंदुओं पर पड़ताल कर रही है.
थाना प्रभारी दिनेश सिंह के अनुसार, परिजनों से मिली जानकारी के आधार पर शिवांश की मानसिक स्थिति को लेकर भी जांच की जा रही है. पुलिस के मुताबिक, घटना से पहले घर में मां के मोबाइल को लेकर भी एक घटना हुई थी. हालांकि किशोर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है.
जितिया पर्व के दिन हुई इस घटना से परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं. जिस मां ने बेटे की लंबी उम्र की कामना के लिए निर्जला व्रत रखा था, उसी दिन बेटे की मौत की खबर ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

