
आदित्यपुर: थाना क्षेत्र अंतर्गत गम्हरिया शक्तिनगर निवासी एक बुजुर्ग के लापता होने का मामला सामने आया है. परिजनों ने आदित्यपुर थाना में लिखित आवेदन देकर उनकी तलाश करने की गुहार लगाई है.


जानकारी के अनुसार, गम्हरिया शक्तिनगर निवासी लखन पति 14 जुलाई की सुबह करीब 11:30 बजे यह कहकर घर से निकले थे कि वे बाहर जा रहे हैं. देर शाम तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उनकी काफी तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं मिला.
लापता व्यक्ति के पुत्र दिलीप पति ने आदित्यपुर थाना में दिए आवेदन में बताया है कि पिछले करीब एक सप्ताह से उनके पिता की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी. काफी खोजबीन के बाद भी जब उनका पता नहीं चला तो बुधवार को थाना पहुंचकर गुमशुदगी की सूचना दी गई.
परिजनों ने पुलिस से लखन पति की जल्द से जल्द तलाश कर उन्हें सकुशल घर वापस लाने की अपील की है. वहीं, पुलिस ने आवेदन प्राप्त कर गुमशुदगी का मामला दर्ज करते हुए जांच शुरू कर दी है. पुलिस लापता बुजुर्ग की तलाश में जुटी है.
प्रमोद सिंह (संपादक)





