बोकारो: बेरमो में गर्भवती महिला की हत्या के मामले को लेकर राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. कांग्रेस ने भाजपा पर इस घटना को लेकर राजनीति करने का आरोप लगाया है. कांग्रेस जिला अध्यक्ष जवाहरलाल महथा ने प्रेस वार्ता कर धनबाद के सांसद ढुलू महतो और चंदनकियारी के पूर्व विधायक अमर कुमार बाउरी पर निशाना साधा.


जवाहरलाल महथा ने कहा कि भाजपा केवल घटनाओं और लाशों पर राजनीति करती है. उन्होंने आरोप लगाया कि अब तक भाजपा नेताओं ने पीड़ित परिवार को किसी प्रकार की सहायता नहीं पहुंचाई है. केवल सहानुभूति जताकर राजनीतिक लाभ लेने की कोशिश की जा रही है.
कांग्रेस जिला अध्यक्ष ने कहा कि चंदनकियारी के लाघला गांव में किशन मोदक की घर में घुसकर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी. लेकिन उस मामले में सांसद और पूर्व विधायक ने आज तक कोई सार्वजनिक प्रतिक्रिया नहीं दी.
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने वोट देकर नेताओं को चुना. आज उन्हीं लोगों के मुद्दों पर ये नेता खड़े नजर नहीं आते हैं. महथा ने आरोप लगाया कि भाजपा बेरमो के माहौल को अशांत करने की कोशिश कर रही है और हत्या की घटना पर राजनीति कर रही है.
उन्होंने कहा कि मामले में जो भी दोषी हैं. उनके खिलाफ प्रशासन को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए. कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि पार्टी दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने की मांग करती है.
रिपोर्ट :शुभम मिश्रा



