बोकारो: चंदनक्यारी विधानसभा क्षेत्र के सियालजोड़ी थाना अंतर्गत स्थित वेदांता इलेक्ट्रोस्टील प्लांट में सोमवार सुबह बड़ी घटना सामने आई है. यहां ब्लास्ट फर्नेस-1 में काम करने के दौरान दो मजदूरों की मौत हो गई. घटना के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई.


हजारीबाग और धनबाद के रहने वाले थे मृतक
मृतकों की पहचान हजारीबाग निवासी सोहन महतो और धनबाद निवासी समीर अंसारी के रूप में हुई है. जानकारी के अनुसार, दोनों सुबह ड्यूटी के दौरान ब्लास्ट फर्नेस-1 में काम कर रहे थे. घटना के बाद उन्हें नजदीकी हिल कैंडी अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया.
गैस लगने की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों मजदूरों की मौत की वजह गैस की चपेट में आना बताई जा रही है. हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है. सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की. शवों का पोस्टमार्टम कराया जाएगा. मौत के कारणों का स्पष्ट पता पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा.
इस घटना के बाद औद्योगिक इकाई में कार्यस्थल की सुरक्षा और हादसे की परिस्थितियों को लेकर सवाल उठ रहे हैं. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
रिपोर्ट: शुभम मिश्रा

