जामताड़ा: कर्माटांड़ थाना क्षेत्र में सोमवार को दिनदहाड़े बाइक चोरी का मामला सामने आया है. कलझरिया मोड़ से लाल रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल चोरी होने की बात सामने आई है. बाइक चोरी की पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. घटना के बाद क्षेत्र के लोगों में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ गई है.


सीसीटीवी फुटेज में एक युवक लाल रंग की सुपर स्प्लेंडर मोटरसाइकिल लेकर जाते हुए दिखाई दे रहा है. युवक ने काले रंग की शर्ट और पैंट पहन रखी है. घटना से संबंधित तस्वीर भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. तस्वीर के आधार पर स्थानीय लोग संदिग्ध युवक की पहचान को लेकर चर्चा कर रहे हैं.
बताया जा रहा है कि सोमवार दोपहर कलझरिया मोड़ पर बाइक खड़ी थी. इसी दौरान एक युवक ने मौका पाकर मोटरसाइकिल अपने कब्जे में ली और वहां से फरार हो गया. घटना की जानकारी मिलने के बाद आसपास के लोगों में भी इसकी चर्चा शुरू हो गई.
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में चोरी सहित अन्य घटनाओं के सामने आने से सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चिंता बढ़ रही है. लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में नियमित गश्त बढ़ाने और चोरी की घटनाओं पर प्रभावी अंकुश लगाने की मांग की है.
हालांकि, खबर लिखे जाने तक मोटरसाइकिल चोरी के संबंध में कर्माटांड़ थाना में लिखित शिकायत दर्ज नहीं कराई गई थी. शिकायत मिलने के बाद पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध की पहचान और चोरी गई मोटरसाइकिल की बरामदगी के लिए आवश्यक कार्रवाई किए जाने की उम्मीद है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल

