सुपौल/ Arzoo Bakhsh जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस को अब तक की सबसे बड़ी सफलता मिली है. पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए करीब 3 करोड़ 45 लाख रुपये मूल्य का गांजा बरामद किया है. यह कार्रवाई बलुआ बाजार नहर के पास की गई.


एसपी शरथ आरएस के निर्देश पर त्रिवेणीगंज डीएसपी विभाष कुमार के नेतृत्व में वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया. इसी दौरान एक पिकअप वैन को रोका गया, लेकिन तस्कर वाहन छोड़कर फरार हो गए. जब वाहन की तलाशी ली गई तो पुलिस भी हैरान रह गई. पिकअप वैन से कुल 1718 किलो गांजा बरामद हुआ, जिसे 46 बोरों में रखा गया था.
एसपी शरथ आरएस ने बताया कि गांजा की अनुमानित बाजार कीमत करीब 3 करोड़ 45 लाख रुपये है. इस मामले में तस्करों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है. एसपी ने कहा कि जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है और नशे के अवैध कारोबार को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.

