बिहार: सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज में 26 नवंबर को हुए गोलीकांड का राज अब पूरी तरह खुल गया है. पुलिस जांच में जो सच्चाई सामने आई है, उसने सभी को हैरान कर दिया है. जिस शशिरंजन चौधरी को गोली मारकर मौत के घाट उतारने की कोशिश की गई थी, उस साजिश की मास्टरमाइंड कोई और नहीं, बल्कि उसकी अपनी पत्नी ही निकली. हालांकि इस वारदात में शूटरों को सफलता नहीं मिली और गोली लगने से घायल शशिरंजन चौधरी फिलहाल अस्पताल में इलाजरत हैं और खतरे से बाहर बताए जा रहे हैं.

पुलिस के अनुसार शशिरंजन की पत्नी सोनी ने अपने बचपन के प्रेमी ब्रजेश के साथ मिलकर अपने ही पति की हत्या की साजिश रची थी. इस हत्या के लिए करीब डेढ़ लाख रुपये में सुपारी दी गई थी. सुपौल एसपी शरथ आर. एस. ने बताया कि यह सौदा मधेपुरा में बैठकर तय किया गया था. सोनी और उसका प्रेमी ब्रजेश दोनों मधेपुरा जिले के रहने वाले हैं और दोनों ने मिलकर शशिरंजन को रास्ते से हटाने की खौफनाक योजना बनाई थी.
पुलिस ने गहन जांच के बाद इस साजिश का पर्दाफाश करते हुए पत्नी, प्रेमी सहित कुल चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, हत्या के लिए दी गई रकम में से 62 हजार रुपये नकद और एक हथियार भी बरामद किया गया है.
गौरतलब है कि 26 नवंबर को त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के त्रिवेणीगंज बाजार से भोज खाकर घर लौटने के दौरान अपराधियों ने शशिरंजन चौधरी पर गोली चला दी थी. गोली लगने के बाद उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया था. घटना के बाद त्रिवेणीगंज डीएसपी के नेतृत्व में गठित टीम ने पूरे मामले की परत-दर-परत जांच की और आखिरकार इस खौफनाक प्रेम प्रसंग से जुड़ी साजिश का खुलासा हुआ. पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और अन्य साक्ष्यों की भी गहन जांच की जा रही है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
