सासाराम: मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विश्रामपुर इलाके में पुलिस ने देह व्यापार के धंधे का बड़ा खुलासा किया है. गुरुवार को एसडीपीओ-2 कुमार वैभव के नेतृत्व में की गई छापामारी में नौ नाबालिग लड़कियों को मुक्त कराया गया. साथ ही आठ महिला और चार पुरुष को गिरफ्तार किया गया है.

पुलिस सूत्रों के अनुसार वर्षों से विश्रामपुर में नाच पार्टी के नाम पर देह व्यापार का धंधा फल- फूल रहा था. पुलिस ने रेड लाइट इलाके में लगभग पांच स्थानों पर एक साथ छापेमारी की. एसडीपीओ कुमार वैभव ने बताया कि मुक्त कराई गई नौ नाबालिग लड़कियों में कई बिहार के बाहर के राज्यों से लाई गई थीं. सभी से जानकारी एकत्र की जा रही है.
पुलिस ने बताया कि मुक्त कराई गई बच्चियों को फिलहाल बाल कल्याण समिति को सौंप दिया गया है. वहां उन्हें काउंसलिंग दी जाएगी और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जाएगी. वहीं गिरफ्तार महिलाओं और पुरुषों से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क को बेनकाब करने की तैयारी है. स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई को सराहा है और इसे इलाके में अपराध नियंत्रण की दिशा में बड़ा कदम बताया है.

