मुजफ्फरपुर/ Arzoo Bakhsh बिहार के मुजफ्फरपुर में अपराधियों ने दिनदहाड़े लूट की वारदात को अंजाम देते हुए गैस एजेंसी संचालक पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घटना करजा थाना क्षेत्र के बड़कागांव हाई स्कूल के समीप की है. शनिवार को अभिनव गैस एजेंसी पर हथियारबंद पांच अपराधी दो बाइक से पहुंचे. इनमें से तीन अपराधी मास्क लगाकर एजेंसी के भीतर घुसे और संचालक धीरज शाही पर तीन गोलियां दाग दीं.

एक गोली धीरज के गर्दन में, दूसरी सीने में और तीसरी पैर में लगी है. फायरिंग के बाद अपराधी कैश लूटकर फरार हो गए. लूट की राशि कितनी है, यह स्पष्ट नहीं हो पाया है. गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. परिजनों ने धीरज को बैरिया स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है.
एजेंसी के मैनेजर अभय कुमार किसी तरह जान बचाकर वहां से भाग निकले. पुलिस ने मौके से दो खोखा बरामद किया है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन में जुट गई है. आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं. एसपी ग्रामीण राजेश सिंह प्रभाकर ने बताया कि करजा थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति को गोली लगी है और उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.

