मुजफ्फरपुर/ Arzoo Bakhsh जिले के मुशहरी थाना क्षेत्र के प्रह्लादपुर गांव में जमीन विवाद को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हो गई. इस दौरान जमकर ईंट-पत्थर चले और घरों में तोड़फोड़ की गई. उपद्रवियों ने विरोध करने पर चार महिलाओं की बेरहमी से पिटाई भी कर दी. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में तनाव फैल गया है.

जानकारी के अनुसार, विवाद सुशील ठाकुर और मोहित शर्मा गुट के बीच जमीन को लेकर चल रहा था. आरोप है कि मोहित शर्मा दर्जनों लोगों के साथ हरवे- हथियार लेकर घर पर धावा बोल दिया. उपद्रवी हाथों में लोहे की छड़ और बंदूक लेकर घर में घुस गए और तोड़फोड़ शुरू कर दी. इस दौरान चार महिलाओं को बुरी तरह से पीटा गया. घायलों को इलाज के लिए मुशहरी पीएचसी में भर्ती कराया गया है.
पीड़ित सुशील ठाकुर ने बताया कि उसने करीब 50 साल पहले पूर्व मुखिया विश्वनाथ प्रसाद शाही से 8 डिसमिल जमीन खरीदी थी, जिस पर उसका मकान बना है. जबकि मोहित शर्मा ने हाल में 24 डिसमिल जमीन खरीदी है और उसी के बहाने डेढ़ डिसमिल जमीन पर कब्जे की नीयत से हमला किया गया.
घटना की सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन उपद्रवी वहां से भाग खड़े हुए. पीड़ित की ओर से थाना में आवेदन दिया गया है. इसमें मोहित शर्मा, अजय कुमार, संतोष राय, स्वराज विशाल उर्फ प्रिंस, संजीव कुमार, धर्मेंद्र राय, सोनू शर्मा और रोहुआ वीर नारायण निवासी संतोष चौधरी को नामजद किया गया है. पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है और गांव में एहतियातन गश्त बढ़ा दी गई है.

