पटना: बिहार विधानसभा चुनाव 2025 से पहले एनडीए में सीट बंटवारे को लेकर बड़ा राजनीतिक घमासान मचा हुआ है. मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की नाराजगी खुलकर सामने आने के बाद पूरे बिहार की सियासत में हलचल तेज हो गई है. लंबे समय बाद सीएम नीतीश के तल्ख तेवर देखकर सहयोगी दलों में हड़कंप मच गया है. मीडिया में यह सवाल उठने लगा है कि क्या नीतीश कुमार एक बार फिर ‘पलटी’ मार सकते हैं. यही कारण है कि एनडीए के अन्य घटक दल अब डैमेज कंट्रोल मोड में आ गए हैं.

दरअसल, एनडीए में सीट बंटवारे का जो फार्मूला तय किया गया, उससे भाजपा को छोड़कर लगभग सभी सहयोगी दलों में असंतोष देखा गया. चाहे जीतन राम मांझी हों, चिराग पासवान हों या उपेंद्र कुशवाहा, सभी ने अपनी-अपनी सीटों को लेकर भाजपा नेतृत्व पर लगातार दबाव बनाया. अंततः किसी तरह सीटों का बंटवारा तो हुआ, लेकिन सीटों के चयन और वितरण को लेकर अब जेडीयू और भाजपा के बीच टकराव के संकेत मिल रहे हैं.
सूत्रों के अनुसार, जेडीयू की 9 परंपरागत सीटें चिराग पासवान की पार्टी लोजपा (रामविलास) को दे दी गईं, जिससे नीतीश कुमार बेहद नाराज बताए जा रहे हैं. यह जानकारी मिलते ही मुख्यमंत्री ने पार्टी नेताओं को सख्त हिदायत दी और अपने तेवर साफ कर दिए. राजनीतिक हलकों में यह चर्चा जोरों पर है कि नीतीश कुमार का यह गुस्सा कहीं एनडीए के लिए खतरे की घंटी न बन जाए.
नीतीश कुमार की नाराजगी की खबरें सामने आने के बाद एनडीए के अन्य सहयोगी दल बैकफुट पर आ गए हैं. सोशल मीडिया पर कई नेताओं ने ट्वीट कर ‘एकता बनाए रखने’ और ‘सीएम नीतीश के नेतृत्व में चुनाव लड़ने’ की बातें लिखकर स्थिति संभालने की कोशिश की है.
इधर, जेडीयू के भीतर भी असंतोष बढ़ने लगा है. भागलपुर से जेडीयू सांसद अजय मंडल ने टिकट बंटवारे में मनमानी का आरोप लगाते हुए सांसद पद से इस्तीफा देने की चेतावनी दी है. उन्होंने कहा कि पार्टी में टिकट चयन की प्रक्रिया निष्पक्ष नहीं है और उन्होंने इस मामले में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से इस्तीफे की अनुमति मांगी है.
राजनीतिक विश्लेषकों का कहना है कि बिहार एनडीए के भीतर यह खींचतान आने वाले दिनों में और बढ़ सकती है. अगर हालात जल्द नहीं संभाले गए, तो यह विवाद चुनावी तैयारी को सीधे प्रभावित कर सकता है.

भारत के प्रमुख डिजिटल न्यूज़ प्लेटफॉर्म्स में से एक, India News Viral बिहार और झारखंड क्षेत्र की हर छोटी-बड़ी ख़बरों को सबसे तेज़ और सटीक रूप में पाठकों तक पहुँचाने के लिए जाना जाता है।
यह डिजिटल डेस्क स्थानीय मुद्दों से लेकर राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय घटनाओं तक, राजनीति, शिक्षा, स्वास्थ्य, खेल, मनोरंजन और सामाजिक सरोकार से जुड़ी हर ख़बर पर पैनी नज़र रखता है।
विश्वसनीय स्रोतों और जमीनी रिपोर्टिंग के दम पर, India News Viral – Bihar Jharkhand का उद्देश्य पाठकों को निष्पक्ष, त्वरित और तथ्यात्मक समाचार उपलब्ध कराना है।
