कटिहार: बिहार विधानसभा चुनाव की सरगर्मी के बीच राजनीतिक पार्टियों के प्रचार के तरीके भी अनोखे होते जा रहे हैं. कटिहार जिले की एसटी आरक्षित मनिहारी विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने एक देसी अंदाज अपनाया है. कांग्रेस किसान सेल की संरक्षक और चर्चित महिला नेत्री इंजीनियर मीनाक्षी ने अपने समर्थकों के साथ तांगा गाड़ी से प्रचार शुरू किया है.

मीनाक्षी ने अपने इस अभियान को ‘मिनी भारत जोड़ो यात्रा’ नाम दिया है. खास बात यह है कि बाढ़ और कटाव से प्रभावित इलाकों में वह तांगा लेकर गांव- गांव घूम रही हैं. जहां तांगा नहीं पहुंच पा रहा, वहां वे बैलगाड़ी से यात्रा कर रही हैं. मीनाक्षी का कहना है कि जमीन से जुड़ना है तो जमीन पर उतरना होगा. इस देसी प्रचार शैली ने इलाके में लोगों का ध्यान खींचा है. एक ओर जहां बाकी पार्टियों के नेता चमचमाती कारों और हाईटेक प्रचार गाड़ियों से प्रचार कर रहे हैं, वहीं कांग्रेस की यह महिला नेत्री मिट्टी से जुड़ने का संदेश देती दिख रही हैं.
चुनाव में इसका असर कितना होगा यह तो वक्त बताएगा, लेकिन इतना जरूर है कि मनिहारी की सड़कों पर तांगा और बैलगाड़ी से चल रही यह कांग्रेस यात्रा चर्चा में है. कांग्रेस की यह कोशिश आम मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है. सियासत की इस नई सवारी पर सबकी नजरें टिकी हैं.

