कैमूर: जिले के रामगढ़ के वार्ड संख्या 1 में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक युवक ने अपने ही भाई को गोली मार दी और फिर घर के दरवाजे बंद कर छत पर हथियार लहराने लगा. आरोपी की पहचान साहिल कुमार के रूप में हुई है, जिसने पारिवारिक विवाद के बाद अपने भाई अखिलेश कुमार को गोली मार दी.

गोली लगने से अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गया. उसे तुरंत प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है. घटना की सूचना मिलते ही मौके पर मोहनिया एसडीएम राकेश कुमार सिंह और डीएसपी प्रदीप कुमार पहुंचे. आरोपी छत पर चहलकदमी करता रहा और हथियार लहराता रहा, जिससे स्थिति तनावपूर्ण बनी रही.
पुलिस ने घंटों मशक्कत और ड्रोन कैमरे से निगरानी के बाद आरोपी साहिल कुमार को गिरफ्तार कर लिया. उसके पास से एक देसी कट्टा और जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए हैं. इस सनसनीखेज घटना को देखने के लिए बड़ी संख्या में स्थानीय लोग आसपास की छतों पर जुट गए थे. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है.

