औरंगाबाद: पश्चिम बंगाल के वर्धमान से आगरा जा रही श्रद्धालुओं से भरी बस औरंगाबाद में अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई. बस पलटते ही यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई. राहत की बात यह रही कि हादसे में किसी यात्री को गंभीर चोट नहीं आई. एक-दो श्रद्धालुओं को मामूली चोटें लगी हैं, जबकि बस में सवार करीब 40 से 45 श्रद्धालु सुरक्षित बताए जा रहे हैं.


मिली जानकारी के अनुसार, पश्चिम बंगाल के वर्धमान से श्रद्धालुओं का दल बस से आगरा जा रहा था. इसी दौरान औरंगाबाद के पास बस अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई.
घटना की सूचना मिलते ही औरंगाबाद पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस की मदद से यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला गया. हादसा बड़ा होने के बावजूद किसी की जान नहीं गई.
श्रद्धालुओं के अनुसार, बस चालक को नींद की झपकी आने के कारण वाहन से नियंत्रण हट गया और बस पलट गई. हालांकि हादसे के वास्तविक कारणों को लेकर पुलिस जानकारी जुटा रही है. सभी यात्रियों के सुरक्षित होने से लोगों ने राहत की सांस ली.
प्रमोद सिंह (संपादक)

