आदित्यपुर: थाना क्षेत्र के बहुचर्चित सतबोहनी ट्रिपल मर्डर मामले के मुख्य आरोपी शेरू सरदार को सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने की सूचना है. हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है. जेल सूत्रों के अनुसार शेरू सरदार की रिहाई का आदेश पहुंच चुका है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी होने के बाद उसकी रिहाई हो सकती है.


इस हत्याकांड के अन्य नामजद आरोपियों संतोष थापा, छोटू राम और दिनेश महतो को पहले ही जमानत मिल चुकी है और वे फिलहाल जमानत पर बाहर हैं. ऐसे में शेरू सरदार को भी जमानत मिलने की सूचना इस चर्चित मामले में महत्वपूर्ण घटनाक्रम माना जा रहा है.
गौरतलब है कि 7 जून 2022 की रात सतबोहनी दुर्गा पूजा मैदान में आशीष गोराई, सुधीर चटर्जी और राजीव उर्फ राजू गोराई की हत्या कर दी गई थी. एक साथ तीन लोगों की हत्या से उस समय पूरे आदित्यपुर क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी. मामले में शेरू सरदार को मुख्य आरोपी बनाया गया था.
फिलहाल सुप्रीम कोर्ट से जमानत मिलने और रिहाई आदेश से संबंधित आधिकारिक जानकारी सामने आने का इंतजार है. जमानत मिलने का अर्थ आरोपों से बरी होना नहीं है और मामले की न्यायिक प्रक्रिया जारी रहेगी.

