भागलपुर (Ashish Kumar) बिहार के भागलपुर से दिल दहला देने वाला मामला प्रकाश में आया है. जहां नवगछिया के कदवा ओपी थाना क्षेत्र के कोसी पार पकरा टोला और कदवा के बीच बहियार के मकई खेत से एक महिला का शव लहूलुहान अवस्था में बरामद किया गया है. महिला की पहचान जंगली टोला निवासी खुशबू देवी के रूप में की गई है. मृतका के सर पर चोट के निशान पाए गए हैं.

बताया जा रहा है कि मृतका अपने पति के साथ मक्के की खेत में काम करने गई थी. घटना के बाद मृतका का पति राजेश शर्मा उर्फ राजू फरार बताया जा रहा है. राजू का कुदाल घटनास्थल से 500 मीटर की दूरी पर मिला है, जो खून से सना हुआ है. आशंका जताई जा रही है, कि राजू ने ही अपनी पत्नी की हत्या कर डाली है. घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई है. वहीं मामले की सूचना मिलते ही कदवा ओपी पुलिस मौके पर पहुंच शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बताया जा रहा है कि राजेश शर्मा का दिमागी संतुलन ठीक नहीं है. काम के दौरान किसी बात को लेकर दोनों पति- पत्नी में विवाद हुआ और पति ने पत्नी पर जानलेवा हमला कर उसे मौत के घाट उतार दिया. मृतका के दो पुत्र व एक पुत्री है. घटना के बाद परिवार में मातम छा गया है.

