
जामताड़ा: पूर्व रेलवे के आसनसोल मंडल में ट्रैक अनुरक्षण कार्य के लिए झाझा- सीतारामपुर रेलखंड के मथुरापुर स्टेशन की डाउन लाइन पर 11 दिनों तक साढ़े तीन घंटे का ट्रैफिक ब्लॉक लिया जाएगा. इसके कारण तीन मेमू ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा.


रेल प्रशासन के अनुसार परमानेंट क्वालिटी रिपेयर स्कीम (PQRS) के तहत यह कार्य 9, 13, 16, 20, 23, 27 और 30 जुलाई तथा 3, 6, 10 एवं 13 अगस्त 2026 को किया जाएगा. इन सभी दिनों में दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:30 बजे तक ट्रैफिक ब्लॉक रहेगा.
ब्लॉक के दौरान 63546 जसीडीह- अंडाल मेमू, 63509 बर्द्धमान- झाझा मेमू तथा 63510 झाझा- बर्द्धमान मेमू निर्धारित तिथियों पर रद्द रहेंगी.
रेलवे ने बताया कि ट्रैक अनुरक्षण कार्य का उद्देश्य रेल संरक्षा को और अधिक मजबूत बनाना तथा ट्रेनों का सुरक्षित और सुचारु संचालन सुनिश्चित करना है. रेल प्रशासन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति की जानकारी लेने और उसी के अनुसार यात्रा की योजना बनाने की अपील की है.
रिपोर्ट: मनीष बर्णवाल





