आदित्यपुर: नगर निगम के वार्ड संख्या-29 स्थित रोड नंबर 8 और 9 में पिछले करीब 20 घंटे से बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप है. ट्रांसफार्मर खराब होने के कारण सैकड़ों परिवार अंधेरे में रहने को मजबूर हैं. भीषण गर्मी और उमस के बीच बिजली नहीं रहने से लोगों का जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है. बिजली विभाग की उदासीनता को लेकर स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है.


स्थानीय निवासियों का आरोप है कि ट्रांसफार्मर खराब होने की सूचना समय रहते बिजली विभाग को दे दी गई थी, लेकिन 20 घंटे बीत जाने के बाद भी न तो खराब ट्रांसफार्मर बदला गया और न ही बिजली आपूर्ति बहाल करने की कोई ठोस पहल की गई. विभाग की इस लापरवाही से आम लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.
बिजली गुल रहने से पेयजल संकट भी गहरा गया है. मोटर नहीं चल पाने के कारण घरों में पानी की किल्लत हो गई है. बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है. छोटे व्यवसायियों का कामकाज ठप है. वहीं रातभर लोग उमस और मच्छरों के बीच जागने को मजबूर रहे.
स्थानीय लोगों ने बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि बिजली जैसी बुनियादी सुविधा की बहाली में इतनी देरी अस्वीकार्य है. शिकायत के बावजूद अधिकारियों की निष्क्रियता लोगों का गुस्सा बढ़ा रही है.
लोगों ने सरकार और बिजली विभाग से अविलंब नया ट्रांसफार्मर लगाकर बिजली आपूर्ति बहाल करने की मांग की है. साथ ही चेतावनी दी है कि यदि जल्द समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे सड़क पर उतरकर आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग और प्रशासन की होगी.





