आदित्यपुर: नगर निगम वार्ड संख्या 17 की विभिन्न जनसमस्याओं को लेकर गुरुवार को पार्षद नीतू शर्मा ने महापौर संजय सरदार से मुलाकात कर एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा. ज्ञापन के माध्यम से पार्षद ने वार्ड में खराब पड़ी स्ट्रीट लाइटों को अविलंब दुरुस्त कराने, मच्छरों के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए नियमित रूप से फॉगिंग कराने और बढ़ती आबादी के अनुसार सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने की मांग की.

इसके अलावा उन्होंने उन विकास योजनाओं को प्राथमिकता के आधार पर टेंडर में शामिल करने की मांग उठाई, जो पिछले बोर्ड बैठक में स्वीकृत होने के बावजूद अब तक धरातल पर नहीं उतर सकी हैं.
पार्षद नीतू शर्मा ने शांति नगर स्थित हरिओम नगर रोड नंबर चार में बने नाले की गुणवत्ता की जांच कराने की भी मांग की. उन्होंने आरोप लगाया कि बिना शिलान्यास के ही नाले को चालू कर दिया गया है, जिसकी निष्पक्ष जांच जरूरी है. ज्ञापन पर संज्ञान लेते हुए महापौर संजय सरदार ने कहा कि इन सभी मुद्दों को आगामी बोर्ड बैठक में गंभीरता से रखा जाएगा. उन्होंने सफाईकर्मियों की संख्या बढ़ाने, स्ट्रीट लाइट दुरुस्त करने और नियमित फॉगिंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया.

