आदित्यपुर: मंगलवार को तेजस्विनी महिला संगठन की ओर से भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की 135वीं जयंती सादगीपूर्ण वातावरण में मनाई गई. कार्यक्रम की अध्यक्षता संस्था की अध्यक्ष सह आदित्यपुर नगर निगम वार्ड 17 की पार्षद नीतू शर्मा ने की. इस दौरान उन्होंने बाबा साहब के जीवन, उनके संघर्ष और संविधान निर्माण में उनके योगदान पर विस्तार से प्रकाश डाला.

नीतू शर्मा ने विशेष रूप से महिलाओं को संविधान में दिए गए अधिकारों पर चर्चा करते हुए कहा कि बाबा साहब द्वारा प्रदान किए गए अधिकारों का ही परिणाम है कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं और पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं.
उन्होंने कहा कि डॉ. अंबेडकर ने समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों को सुनिश्चित करने के लिए जो कार्य किए, वह आज भी प्रेरणादायक हैं. उनके विचारों को अपनाकर ही समाज में वास्तविक परिवर्तन लाया जा सकता है.
इस अवसर पर नूतन कुमारी, सविता कुमारी, अर्चना कुमारी, अंजुषा कुमारी, सुमन श्रीवास्तव, आदित्य श्रीवास्तव, आशीष आकाश, आकांक्षा कुमारी सहित कई लोग उपस्थित रहे. कार्यक्रम के अंत में सभी ने बाबा साहब के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संकल्प लिया और समाज में समानता व जागरूकता फैलाने का संदेश दिया.

