आदित्यपुर: मंगलवार को एससी/एसटी/ओबीसी समन्वय समिति की ओर से भारत रत्न डॉ. भीमराव अम्बेडकर की जयंती के अवसर पर भव्य शोभा यात्रा निकाली गई. यह शोभा यात्रा लोजपा (आर) के प्रदेश महासचिव मनोज पासवान के नेतृत्व में आयोजित की गई, जिसे ऐतिहासिक बताया जा रहा है.

शोभा यात्रा की शुरुआत आदित्यपुर फुटबॉल मैदान से हुई, जहां से सैकड़ों की संख्या में लोग, युवा और सामाजिक कार्यकर्ता शामिल हुए. पूरे मार्ग में बाबा साहब के जयकारों और संविधान के सम्मान में नारे गूंजते रहे, जिससे वातावरण पूरी तरह उत्सवमय और प्रेरणादायक बन गया. यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए आदित्यपुर-2 स्थित बाबा साहब की प्रतिमा स्थल पहुंची. यहां कार्यक्रम का समापन झंडोत्तोलन और श्रद्धांजलि अर्पित कर किया गया.
इस दौरान मनोज पासवान ने कहा कि बाबा साहब ने समाज के वंचित और पिछड़े वर्गों को अधिकार दिलाने के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी प्रेरणास्रोत है. उन्होंने लोगों से अपील की कि वे बाबा साहब के विचारों को अपने जीवन में उतारें और समाज में समानता, शिक्षा और अधिकारों के प्रति जागरूकता फैलाएं.
शोभा यात्रा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों की भागीदारी रही. आयोजन के दौरान सुरक्षा और व्यवस्था के पुख्ता इंतजाम किए गए थे.
इस भव्य आयोजन ने न केवल बाबा साहब के प्रति लोगों की आस्था और सम्मान को दर्शाया, बल्कि समाज में एकता और जागरूकता का भी संदेश दिया.
इस मौके पर सरयू पासवान, विनय पासवान, लाल बहादुर शास्त्री, उदित यादव, छोटू पासवान, संतोष पासवान, अनिल मुखी, खिरोद सरदार, रीता देवी, अभिषेक आनंद, अविनाश कुमार, मुन्ना पासवान, सोनू पासवान, नवल पासवान, राम कर्ण पासवान, अनिल मुखी, पंकज पासवान, साधु पासवान, रोशन पासवान, अवधेश पासवान आदि मौजूद रहे.

