आदित्यपुर/ Bipin Varshney थाना क्षेत्र के मेन रोड डीवीसी मोड़ के समीप तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी की आमने- सामने टक्कर हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार युवक रॉन्ग साइड से तेज रफ्तार में आ रहा था, जिसने सामने से आ रहे स्कूटी सवार छात्र को जोरदार टक्कर मार दी. हादसे में स्कूटी चला रहे आदित्यपुर टूल रूम से लौट रहे छात्र के चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं. वहीं, बाइक सवार युवक का सिर फट गया.

दुर्घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में राहगीर जुट गए और दोनों घायलों को सड़क से हटाकर पुलिस को सूचना दी.
चश्मदीदों ने बताया कि बाइक सवार युवक काफी तेज रफ्तार में था. अचानक सामने आने से स्कूटी सवार को संभलने का मौका ही नहीं मिला. टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन सड़क पर बिखर गए.
घटना की जानकारी पर आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों घायलों को तत्काल पेट्रोलिंग वाहन से गम्हरिया स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

