सरायकेला: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप शनिवार दोपहर 27 वर्षीय जगन्नाथ गोप उर्फ काड़ा की नृशंस हत्या के मामले का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मामले के चार आरोपियों. प्रेम नायक. शिवम प्रामाणिक. संजय नायक और गणेश नायक को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है.


पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज के नेतृत्व में गठित विशेष जांच दल (SIT) ने तकनीकी साक्ष्यों और त्वरित अनुसंधान के आधार पर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया. पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त लोहे की रॉड भी बरामद कर ली है.
एसपी मनोज स्वर्गियारी ने बताया कि प्रारंभिक जांच में पुरानी रंजिश हत्या का मुख्य कारण सामने आया है. उन्होंने कहा कि गिरफ्तार चारों आरोपियों के विरुद्ध पूर्व से कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है. जबकि मृतक जगन्नाथ गोप का पूर्व से आपराधिक इतिहास रहा है. हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की गहन जांच कर रही है और अनुसंधान जारी है.
गौरतलब है कि शनिवार दोपहर बोलायडीह शीतला मंदिर के समीप जगन्नाथ गोप पर हमला कर उसकी हत्या कर दी गई थी. जिससे पूरे इलाके में सनसनी फैल गई थी. घटना के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को सलाखों के पीछे पहुंचा दिया. इसमें सब इंस्पेक्टर राजेंद्र प्रसाद, हीरालाल कुमार, विश्वाजीत कुमार तिवारी और विक्रमादित्य पांडेय के अलावा हवलदार अजय सिंह, आरक्षी राघवेन्द्र कुमार, दीपक कुमार और संजय कुमार राय की सराहनीय भूमिका रही.
प्रमोद सिंह (संपादक)





