आदित्यपुर/ Parmeshwar Gorai नगर निगम के वार्ड 17 में टूटी, अधूरी और बिना ढक्कन वाली नालियों की समस्या को देखते हुए शनिवार को नगर निगम के निर्देश पर संविदा कर्मचारी दीपक कुमार एवं स्थानीय पूर्व पार्षद श्रीमती नीतू शर्मा द्वारा संयुक्त रूप से सर्वेक्षण किया गया. सर्वेक्षण के दौरान वार्ड की विभिन्न गलियों और मोहल्लों में स्थित नालियों की स्थिति का जायजा लिया गया.

सर्वे के क्रम में सभी नालियों की एक विस्तृत सूची तैयार की गई, जिसमें उन नालियों को चिह्नित किया गया जिनकी साफ- सफाई कराकर ढक्कन लगाए जाने हैं, तथा जिन नालियों की मरम्मत के बाद ढक्कन लगाया जाना आवश्यक है. यह सूची नगर निगम के संविदा कर्मचारी दीपक कुमार को सौंप दी गई है ताकि आवश्यक कार्रवाई जल्द शुरू की जा सके.
स्थानीय लोगों ने बताया कि कई नालियों की महीनों से सफाई नहीं कराई गई है, जिससे जलजमाव और गंदगी की समस्या बनी हुई है. इस पर सर्वे टीम ने संबंधित विभाग से जल्द से जल्द सफाई कार्य शुरू कराने की अपील की है.
पूर्व पार्षद श्रीमती नीतू शर्मा ने कहा कि खुले नाले दुर्घटना का कारण बन सकते हैं, इसलिए प्राथमिकता के आधार पर ढक्कन लगाने और मरम्मत कार्य पूरे कराए जाने चाहिए. वहीं दीपक कुमार ने आश्वासन दिया कि सूची के आधार पर जल्द ही कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू की जाएगी.

