कपाली/ Afroz Mallik सरायकेला- खरसावां जिला के कपाली स्थित अल कबीर पॉलिटेक्निक कॉलेज में शनिवार को एक दिवसीय स्वैच्छिक रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया. शिविर का उद्घाटन मुख्य अतिथि विधायक सविता महतो ने विधिवत दीप प्रज्वलित कर किया. इस दौरान उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि रक्तदान महादान है, इससे बड़ा कोई दान नहीं होता है.

एक दिवसीय इस शिविर में कुल 160 यूनिट रक्त संग्रह किया गया. यह शिविर वॉलंटरी ब्लड डोनेशन एसोसिएशन एवं ब्लड सेंटर जमशेदपुर के सहयोग से आयोजित किया गया. खास बात यह रही कि इस शिविर में भाग लेने वाले करीब 80 प्रतिशत रक्तदाताओं ने पहली बार रक्तदान किया.

साथ ही दया हॉस्पिटल एवं रिसर्च सेंटर मानगो के तत्वावधान में कॉलेज के सदस्यों का नि:शुल्क शुगर एवं लिपिड प्रोफाइल जांच भी की गई. कार्यक्रम के दौरान विधायक सविता महतो ने संस्थान परिसर में पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का भी संदेश दिया.
इस मौके पर कॉलेज के प्राचार्य वारिस सरवर इमाम, संस्थान के मैनेजमेंट सदस्य जियाउल मोबीन अंसारी, मो. मुमताज अहमद, शकील गनी, अमगान अहमद खुर्रम, झामुमो केंद्रीय सदस्य काबलू महतो, मो. अरशद, शेख फरीद सहित बड़ी संख्या में कॉलेज के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे.

