सरायकेला/ Pramod Singh आदित्यपुर नगर निगम में डिप्टी मेयर पद के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गई है. सोमवार को डिप्टी मेयर पद के लिए अंकुर सिंह और अर्चना सिंह ने अपना नामांकन पत्र दाखिल किया.


नामांकन के दौरान दोनों प्रत्याशियों के समर्थकों की भीड़ नगर निगम कार्यालय परिसर में उमड़ पड़ी. समर्थकों ने अपने- अपने उम्मीदवारों के पक्ष में नारेबाजी कर माहौल को पूरी तरह राजनीतिक रंग दे दिया.
नामांकन प्रक्रिया प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में पूरी कराई गई, जहां दोनों प्रत्याशियों ने आवश्यक दस्तावेजों के साथ अपना पर्चा दाखिल किया.
बताया जा रहा है कि डिप्टी मेयर पद के लिए मुकाबला काफी रोचक होने वाला है. नगर निगम के पार्षदों की संख्या को देखते हुए दोनों प्रत्याशी समर्थन जुटाने में सक्रिय हो गए हैं और लगातार पार्षदों से संपर्क साध रहे हैं. नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब सभी की नजरें चुनाव पर टिकी हुई हैं. पार्षदों के वोट से ही आदित्यपुर नगर निगम को नया डिप्टी मेयर मिलेगा. प्रशासन की ओर से चुनाव को शांतिपूर्ण और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने की तैयारी की जा रही है. आदित्यपुर नगर निगम में कुल 35 वार्ड है इस लिहाज से जिसके पास 18 पार्षदों का समर्थन होगा वह डिप्टी मेयर चुना जाएगा. अंकुर सिंह ईचागढ़ के पूर्व विधायक अरविंद सिंह के भतीजे हैं, जबकि अर्चना कुमारी भारतीय जनता पार्टी की पूर्व महिला जिला अध्यक्ष और वार्ड 29 की तीन बार पार्षद रह चुकी दिवंगत राजमणि देवी की पुत्रवधू है.

