सरायकेला: धनतेरस और दीपावली को लेकर राजनगर के बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ के बीच पुलिस ने इस बार खरीदारों की सुरक्षा और संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम पर विशेष फोकस किया है. थाना प्रभारी सोनू कुमार के निर्देश पर प्रमुख बाजारों के साथ बैंक, ज्वेलरी और बर्तन दुकानों के आसपास निगरानी बढ़ा दी गई है.


धनतेरस पर सोना-चांदी, बर्तन और अन्य सामान की खरीदारी के कारण बाजार में नकदी का लेन-देन भी बढ़ता है. इसे देखते हुए पुलिस की नजर खास तौर पर चोरी, छिनतई, पॉकेटमारी और उचक्कागिरी जैसी घटनाओं को रोकने पर है. भीड़भाड़ वाले स्थानों पर गश्ती टीमों को सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया है.
थाना प्रभारी सोनू कुमार ने पुलिसकर्मियों को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है. बैंक परिसरों और आसपास के क्षेत्रों में भी सतर्कता बरती जा रही है, ताकि रुपये की निकासी अथवा जमा करने आने वाले लोगों को किसी आपराधिक घटना का सामना न करना पड़े.
पुलिस ने व्यापारियों और आम लोगों से भी सतर्क रहने की अपील की है. अधिक नकदी या कीमती सामान लेकर आने-जाने के दौरान सावधानी बरतने तथा किसी संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को देने को कहा गया है.
राजनगर पुलिस का कहना है कि त्योहार की भीड़ का फायदा उठाकर आपराधिक गतिविधि करने वालों पर विशेष नजर रहेगी. धनतेरस से दीपावली तक बाजार और प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों में पुलिस की गश्ती एवं निगरानी जारी रहेगी.
रिपोर्ट: रासबिहारी मंडल

